Ghaziabad

गाज़ियाबाद में ‘नमो युवा रन’ का भव्य आयोजन, 15 हज़ार धावकों ने लिया हिस्सा – नशामुक्त भारत का दिया संदेश

गाज़ियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा महानगर गाज़ियाबाद द्वारा रविवार को ‘नमो युवा रन’ मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत KW दिल्ली-6 मॉल, राजनगर एक्सटेंशन से शुरू हुआ, जिसे राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने सांसद अतुल गर्ग, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, मंत्री नरेंद्र कश्यप और महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के साथ मिलकर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मैराथन में 15 हज़ार से अधिक धावकों ने भाग लेकर न केवल शहर का मान बढ़ाया बल्कि नशामुक्त भारत का संकल्प भी दोहराया। सुधांशु त्रिवेदी ने धावकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं को राष्ट्र निर्माण की रीढ़ मानते हैं। यह दौड़ केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि सामाजिक आंदोलन है, जो युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने का संदेश देती है।

उन्होंने भारतीय संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा, “जहाँ विदेशी संस्कृतियों में सत्ता पाने के लिए पिता को कैद करने जैसी परंपराएँ रही हैं, वहीं हमारी संस्कृति में पितृपक्ष के अवसर पर पूर्वजों को जल और अन्न अर्पित करने की परंपरा है। यही हमारी महानता है।”

सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि गाज़ियाबाद के युवाओं का उत्साह शहर की पहचान को नई दिशा दे रहा है। कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने युवाओं को राष्ट्र की सच्ची ताकत बताते हुए कहा कि नशामुक्त भारत का सपना इन्हीं से पूरा होगा। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री मोदी के ‘स्वस्थ भारत, विकसित भारत’ के विजन को साकार कर रहा है।

प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत राय ने कहा कि सेवा पखवाड़ा में गाज़ियाबाद का यह आयोजन पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल है। वहीं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल ने कहा कि युवाओं के स्वास्थ्य और अनुशासन में ही भारत का उज्ज्वल भविष्य निहित है। विधायक अजीत पाल त्यागी और संजीव शर्मा ने भी इस मैराथन को समाज सुधार और प्रेरणा का प्रतीक बताया।

मैराथन राजनगर एक्सटेंशन से रिवेरा हाइट चौक होते हुए अजनारा, चार्म्स कैसल, वीवीआईपी मॉल, पीवीआर मेन रोड से गुजरकर दिल्ली-6 मॉल पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग पर 25 स्वागत द्वार, पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और जलपान ने धावकों का उत्साह दोगुना किया।

पुरस्कार परिणाम:

  • बॉयज़ कैटेगरी: प्रथम – किशोर, द्वितीय – पंकज, तृतीय – कवित चौधरी
  • गर्ल्स कैटेगरी: प्रथम – एकता, द्वितीय – अलिफसा, तृतीय – ऋतिका

विजेताओं को सुधांशु त्रिवेदी, सुनील शर्मा, अतुल गर्ग, मयंक गोयल और रणजीत राय ने मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए।

महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने अध्यक्षीय उद्बोधन में सभी अतिथियों, धावकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गाज़ियाबाद का युवा समाज के प्रति समर्पित है और हर वर्ष यह आयोजन और भी भव्य रूप में किया जाएगा।

‘नमो युवा रन’ ने गाज़ियाबाद को नई ऊर्जा, उत्साह और नशामुक्त भारत के संकल्प से एकजुट कर दिया।

Umesh Kumar

Umesh is a senior journalist with more than 15 years of experience. Freelance photo journalist with some leading newspapers, magazines, and news websites and is now associated with Local Post as Consulting Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button