गाज़ियाबाद: मसूरी पुलिस से मुठभेड़ में वांछित बाबरिया बदमाश गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस और स्कूटी बरामद


गाज़ियाबाद। थाना मसूरी पुलिस ने सोमवार को एक मुठभेड़ के दौरान हत्या के प्रयास में वांछित बाबरिया बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार थाना मसूरी पुलिस टीम जेल नाहल रोड पर स्थित मसूरी झील कट के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कूटी सवार व्यक्ति नाहल झाल की तरफ से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने स्कूटी न रोकते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी को गोली लगी और वह मौके पर दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटू उर्फ श्याम पुत्र सरनाम, मूल निवासी आजाद नगर, भरतपुर (राजस्थान) हाल निवासी न्यू विकास नगर, लोनी (गाज़ियाबाद) के रूप में हुई। आरोपी थाना मसूरी से वांछित चल रहा था और उस पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 01 खोखा कारतूस, 01 जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर प्लेट की टीवीएस स्कूटी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम थाना मसूरी पुलिस की रही। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि अपराधियों पर सख्त नकेल कसने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।



