ग़ाज़ियाबाद: साहिबाबाद पुलिस से मुठभेड़ में शातिर स्नैचर गिरफ्तार, चोरी की बाइक-तमंचा व मोबाइल बरामद

ग़ाज़ियाबाद। सुबह थाना साहिबाबाद पुलिस टीम ने लूट और स्नैचिंग की घटनाओं की रोकथाम के लिए सिटी फॉरेस्ट से नाग द्वार चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस के इशारे पर न रुककर भागने लगे। जब पुलिस ने उनका पीछा किया तो दोनों ने पुलिस टीम को घिरता देख फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान अमन पुत्र ओमवीर निवासी 30 फूटा रोड, गली नंबर 11, नंदग्राम (थाना नंदग्राम, ग़ाज़ियाबाद) उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई।
आरोपी के कब्जे से 01 अवैध तमंचा, 01 खोखा कारतूस, 01 जिंदा कारतूस, एक स्नैचिंग किया हुआ मोबाइल फोन और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस पूछताछ में आरोपी अमन ने स्वीकार किया कि बरामद मोटरसाइकिल उसने दिल्ली से चोरी की थी। इसी बाइक पर अपने साथी शिवम (निवासी दिल्ली) के साथ मिलकर वह मोबाइल फोन छीनने की वारदात करता था। आरोपी ने यह भी कबूल किया कि दोनों अब तक कई लोगों से मोबाइल छीन चुके हैं और उन्हें राह चलते अनजान व्यक्तियों को बेच देते थे।
आपराधिक इतिहास
आरोपी अमन पर पहले से ग़ाज़ियाबाद, गौतमबुद्ध नगर और दिल्ली-एनसीआर में लूट, स्नैचिंग, चोरी, आर्म्स एक्ट और गुंडा एक्ट के करीब डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी शिवम की तलाश में जुटी है।
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम थाना साहिबाबाद पुलिस टीम ने दिया।



