ग़ज़ब ग़ाज़ियाबाद टीम का भव्य टी-शर्ट, एंथम लॉन्च और ट्रॉफी टूर कार्यक्रम आयोजित

ग़ाज़ियाबाद : उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (UPKL) सीज़न–2 में भाग ले रही ग़ज़ब ग़ाज़ियाबाद टीम का टी-शर्ट लॉन्च, एंथम सॉन्ग लॉन्च एवं ट्रॉफी टूर कार्यक्रम आज राजनगर एक्सटेंशन स्थित प्लैटिनम क्राउन बैंक्वेट में भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कबड्डी प्रेमियों और खिलाड़ियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर UPKL के सीईओ सम्भव जैन, ग़ज़ब ग़ाज़ियाबाद टीम के ओनर दीपक भाटी और कार्तिकेय शर्मा, ग़ाज़ियाबाद विधायक संजीव शर्मा, पूर्व सांसद अनिल अग्रवाल, आयुष त्यागी काकड़ा, कुणाल शर्मा, पप्पन शर्मा, अमन सक्सेना सहित टीम के कोच किरणपाल सिंह एवं गुलबीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग़ज़ब ग़ाज़ियाबाद की आधिकारिक टीम टी-शर्ट का अनावरण किया गया, वहीं टीम का जोशीला एंथम सॉन्ग लॉन्च होते ही पूरा हॉल तालियों और उत्साह से गूंज उठा। एंथम ने खिलाड़ियों और समर्थकों में जोश भर दिया। इसके साथ ही UPKL ट्रॉफी टूर का भी शुभारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य प्रदेशभर में कबड्डी के प्रति जागरूकता और रोमांच को बढ़ाना है।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए एक सशक्त मंच बनकर उभरी है, जहां उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। ग़ज़ब ग़ाज़ियाबाद टीम सीज़न–2 में पूरे आत्मविश्वास और तैयारी के साथ उतरने को तैयार है और लीग में शानदार प्रदर्शन करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, गणमान्य अतिथि एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। आयोजन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि ग़ाज़ियाबाद अब कबड्डी के नए केंद्र के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है।


