खाटू श्याम के नवम वार्षिकोत्सव पर संगीतमय अखंड ज्योत पाठ का भव्य आयोजन

- वोल्गा पैलेस में देर रात तक गूंजता रहा श्याम नाम, भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
गाजियाबाद।
श्री खाटू श्याम सेवा समिति, गाजियाबाद द्वारा मालीवाड़ा स्थित वोल्गा पैलेस में रविवार को खाटू श्याम के नवम वार्षिकोत्सव के अवसर पर संगीतमय अखंड ज्योत पाठ का भव्य आयोजन किया गया। श्याम बाबा की जीवन लीला पर आधारित इस आध्यात्मिक आयोजन में शहर भर से बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी शामिल हुए और देर रात तक भक्ति में सराबोर रहे।
अखंड ज्योत पाठ में सम्मिलित होने से पूर्व श्रद्धालुओं ने श्याम नाम की मेहंदी लगवाकर अपनी आस्था प्रकट की। आयोजन के दौरान कथावाचक संदीप सुल्तानिया ने अपनी टीम के साथ नृत्य-नाटिका एवं भजनों के माध्यम से बाबा श्याम की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया। उनके सुमधुर भजनों पर श्याम प्रेमी झूमते नजर आए और पूरे पंडाल में मानो श्याम नाम की गंगा प्रवाहित होती रही।
संदीप सुल्तानिया ने बर्बरीक के जन्म से लेकर शीश का दान कर बाबा श्याम बनने तक की पूरी कथा को संगीतमय प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। आयोजन में बाबा का भव्य दरबार सजाया गया था, जहां विशेष फूलों से श्रृंगार, इत्र वर्षा और छप्पन भोग श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे।


आयोजक दिनेश कुमार गोयल ने बताया कि संगीतमय अखंड ज्योत पाठ में सहभागिता के लिए 251 आसनों सहित सभी श्याम भक्तों के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में भक्ति, सेवा और सद्भावना को बढ़ावा देना है।
इस आयोजन को सफल बनाने में ब्रज मोहन अग्रवाल, हरि मोहन अग्रवाल, विभोर गर्ग विक्की, गौरव गर्ग, संजीव गुप्ता, ब्रजेश गर्ग, राजकुमार गुप्ता, सुनीत खुराना, अवनीश गर्ग, आशीष गोयल सहित अनेक श्याम प्रेमियों का विशेष सहयोग रहा। आयोजन के समापन पर प्रसाद वितरण के साथ श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम से सुख-समृद्धि की कामना की।



