क्रॉसिंग रिपब्लिक में दिनदहाड़े कैश वैन लूट, हथियार के बल पर चालक से गाड़ी छीनी

गाजियाबाद: कमिश्नरेट गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े कैश वैन लूट की घटना से हड़कंप मच गया। बदमाशों ने एटीएम में कैश डालने पहुंचे वित्तीय संस्था के कर्मचारियों की कैश वैन हथियार के बल पर चालक से छीन ली और फरार हो गए। बाद में पुलिस ने वैन को मसूरी थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया, हालांकि उसमें रखा कैश संदिग्ध अपने साथ ले गए।
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे एवन इंडिया नामक वित्तीय संस्था के कर्मचारी कैश वैन के जरिए क्षेत्र के एक एटीएम में नकदी डालने पहुंचे थे। बताया गया कि कर्मचारी एटीएम में कैश जमा करने के लिए अंदर गए थे, जबकि चालक वाहन के पास मौजूद था। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे और चालक को हथियार दिखाकर कैश वैन लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और जिलेभर में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने कुछ समय बाद मसूरी थाना क्षेत्र से कैश वैन को बरामद कर लिया। हालांकि, वैन में मौजूद नकदी आरोपी अपने साथ ले जाने में सफल रहे।
कैश की रकम का लगाया जा रहा पता
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वैन में कुल कितनी नकदी थी। वित्तीय संस्था से संबंधित रिकॉर्ड मंगवाए जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि एटीएम में कितनी राशि जमा की जा चुकी थी और कितना कैश वैन में बचा हुआ था।
आठ टीमें गठित, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आठ विशेष टीमों का गठन किया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और वित्तीय संस्था के कर्मचारियों तथा चालक से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त इलाके में इस तरह की वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है।


