कलछीना चौकी प्रभारी रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, 75 हजार की मांग – 50 हजार पर सौदा तय

मोदीनगर। ग़ाज़ियाबाद जिले के मोदीनगर में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कलछीना पुलिस चौकी प्रभारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी दरोगा राजीव कुमार पर धोखाधड़ी के एक मामले में नाम हटाने के एवज में रिश्वत लेने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, गांव कलछीना निवासी इनामुल के खिलाफ भोजपुर थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज था। इस मामले की जांच चौकी प्रभारी राजीव कुमार कर रहे थे। आरोप है कि दरोगा ने मुकदमे से नाम हटाने के लिए इनामुल से 75 हजार रुपये की मांग की थी।
पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन मेरठ यूनिट से की। योजना के तहत पीड़ित से 50 हजार रुपये देने की बात तय हुई। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे इनामुल ने पुलिस चौकी पहुंचकर दरोगा को रकम दी। पैसे लेते ही एंटी करप्शन टीम ने दरोगा को रंगेहाथ दबोच लिया।
इस मामले में मोदीनगर थाने में दरोगा राजीव कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस महकमे की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम नागरिकों का कहना है कि जिस थाने और चौकी से न्याय की उम्मीद की जाती है, वहां रिश्वतखोरी की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं।



