कपड़ा प्रिंटिंग फैक्ट्री में लगी भीषण आग, डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
मेरठ। लोहिया नगर थाना क्षेत्र की आशियाना कॉलोनी गली नंबर 6 में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक कपड़ा प्रिंटिंग फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। घटना सुबह करीब 5:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि आग का कारण शॉर्ट सर्किट था। हादसे के समय फैक्ट्री में काम चल रहा था, लेकिन गनीमत यह रही कि सभी मजदूर समय रहते बाहर निकल आए और कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, “एथ्री क्रिएशन” नाम से चल रही इस फैक्ट्री के मालिक इकरामुद्दीन हैं, जो करीमनगर के निवासी हैं। आग सबसे पहले फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पर लगी, जो धीरे-धीरे दूसरी मंजिल तक फैल गई। देखते ही देखते धुएं के गुबार ने पूरी इमारत को घेर लिया। मौके पर मौजूद लेबर ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मात्र दस मिनट में मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग इतनी भयंकर थी कि उसकी लपटें सामने और आसपास की फैक्ट्रियों तक पहुंच गईं। पास ही स्थित लिसाड़ी गेट निवासी हाजी यामीन की फैक्ट्री में भी आग की चपेट से कुछ हिस्सा प्रभावित हुआ।
घटना के समय फैक्ट्री में लगभग आठ मजदूर मौजूद थे, जिनमें सुमित त्यागी, अजहरुद्दीन अंसारी, गोविंद सिंह, शैलेश, रविंद्र, विवेक, राकेश, रशीद, मुन्ना और चंदन शामिल थे। सभी समय रहते बाहर निकल आए।
हालांकि, आग से फैक्ट्री में रखा काफी मात्रा में तैयार और कच्चा माल जलकर राख हो गया। फायर विभाग ने प्राथमिक जांच में आग का कारण इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट बताया है। वहीं, क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि कॉलोनी में चल रही ऐसी इकाइयों की सुरक्षा जांच और विद्युत लाइन निरीक्षण नियमित रूप से किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।



