कनावनी की झुग्गी बस्ती में भीषण आग, 125 से अधिक झोपड़ियां जलीं; 22 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

गाजियाबाद: इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनावनी गांव स्थित अस्थायी टीन शेड से बनी झुग्गी-झोपड़ी बस्ती में रविवार दोपहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 125 से अधिक झुग्गियां, स्क्रैप के गोदाम तथा एक डॉग शेल्टर जलकर खाक हो गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।


तेजी से फैली आग, सिलेंडरों में धमाके
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही झुग्गियों से घना धुआं उठने लगा और तेज हवा के कारण लपटें तेजी से फैलने लगीं। झोपड़ियों के अंदर रखे घरेलू गैस सिलेंडरों में लगातार विस्फोट होते रहे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
22 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के निर्देश पर वैशाली, साहिबाबाद और कोतवाली समेत विभिन्न फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मोदीनगर और लोनी से भी फायर टेंडर बुलाए गए, साथ ही गौतमबुद्ध नगर से भी सहायता मांगी गई। कुल मिलाकर 22 फायर टेंडरों, नगर निगम के हाई प्रेशर वाटर टैंकरों और निजी संस्थानों की सहायता से आग पर काबू पाया गया।


दमकल कर्मियों ने चारों ओर से पानी की बौछार कर आग को करीब दोपहर 2 बजे तक नियंत्रित कर लिया। इसके बाद टीन शेड के मलबे के नीचे सुलग रही आग को बुझाने और कूलिंग का कार्य शुरू किया गया, जो देर शाम तक जारी रहा।
प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस उपायुक्त (ट्रांस हिंडन) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्यों की निगरानी की। स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, नगर निगम, सिविल डिफेंस और अन्य विभागों की टीमें भी मौके पर तैनात रहीं।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी विभागों के समन्वय से समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।



रेस्क्यू और सर्च अभियान भी चला
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि संयुक्त टीमों द्वारा सर्च और रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सका कि कोई व्यक्ति झुग्गियों में फंसा न हो।
नुकसान का आकलन जारी, कारण स्पष्ट नहीं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस अग्निकांड में 125 से अधिक झुग्गियां, स्क्रैप के गोदाम और डॉग शेल्टर को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, सटीक आंकलन के लिए संबंधित विभागों द्वारा सर्वे कराया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है, लेकिन घटनास्थल पर गर्मी कम करने के लिए कूलिंग का कार्य जारी है।



