ओलंपियाड में बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल का शानदार प्रदर्शन, 16 विद्यार्थियों ने जीते स्वर्ण पदक

नई दिल्ली, 7 मई। बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने लायंस ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्रीय स्तर पर 16 स्वर्ण पदक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित लायंस इंटरनेशनल के रीजन चेयरमैन एम.जे.एफ. लायन वेद प्रकाश रुस्तगी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि लायंस ओलंपियाड केवल परीक्षा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उसे दिशा देने का सशक्त मंच है।
उन्होंने प्रतियोगिताओं के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि आज के दौर में केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी बौद्धिक क्षमता और आत्मविश्वास को विकसित करना चाहिए।
ग्रामीण और शहरी छात्रों को समान अवसर
विद्यालय के चेयरमैन योगेश अरोरा ने कहा कि लायंस ओलंपियाड का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि प्रतिभाशाली छात्र अपनी क्षमता के आधार पर आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना और आत्मविश्वास का विकास करती हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या संतोष आहूजा ने बताया कि लायंस ओलंपियाड के प्रथम चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 6 से 10 तक के 16 विद्यार्थियों को क्षेत्रीय रैंकिंग के आधार पर स्वर्ण पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
विद्यार्थियों को किया प्रेरित
लायंस ओलंपियाड के कोऑर्डिनेटर लायन अनिल कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। वहीं लायंस अध्यक्ष शैलेंद्र मोहन ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए अगले वर्ष के ओलंपियाड के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में लायन राम निवास सिंघल, लायन धीरेन्द्र जोशी, मीडिया प्रभारी मनोज कुमार अग्रवाल सहित कई लायंस सदस्य मौजूद रहे। विद्यालय की शिक्षिकाएं, कोऑर्डिनेटर श्वेता गुप्ता और बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी समारोह में उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की इस सफलता को स्कूल के शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया।



