ओपन जिम शुभारंभ के अवसर पर गौर कैसकेड्स निवासियों ने मंत्री सुनील शर्मा को सौंपा जनहित मांगपत्र

- यातायात सुरक्षा, जलनिकासी, सड़क, स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए गए
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित गौर कैसकेड्स सोसाइटी में आयोजित ओपन जिम के शुभारंभ समारोह के अवसर पर सोसाइटी निवासियों और गौर कैसकेड्स अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (GCBOM) ने क्षेत्र की विभिन्न जनहित संबंधी समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री एवं स्थानीय विधायक सुनील कुमार शर्मा को एक विस्तृत निवेदन पत्र सौंपा।
कार्यक्रम के दौरान एओए पदाधिकारियों ने मंत्री को सोसाइटी एवं आसपास के क्षेत्र से जुड़ी बुनियादी नागरिक सुविधाओं और लंबे समय से लंबित समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि इन विषयों पर संबंधित विभागों को निर्देश देकर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित कराया जाए।
निवेदन पत्र में प्रमुख रूप से सोसाइटी के मुख्य द्वार के सामने स्थित सड़क कट (यू-टर्न/ओपन कट) को बंद करने की मांग की गई, जिसे निवासियों ने दुर्घटनाओं का कारण बताया। इसके अलावा समीपस्थ नाले की नियमित सफाई, सोसाइटी के पीछे स्थित पार्क में वॉकिंग ट्रैक और रेलिंग निर्माण, सर्विस रोड की मरम्मत तथा हरित क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की मांग भी रखी गई।
इसके अतिरिक्त सार्वजनिक पार्क निर्माण, मुख्य सड़क से अतिक्रमण हटाने, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, क्षेत्र में नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति तथा नगर निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने जैसे विषय भी ज्ञापन में शामिल किए गए।
कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व पार्षद संजीव त्यागी ने भी निवासियों की मांगों का समर्थन करते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक स्तर पर सहयोग का आश्वासन दिया।
गौर कैसकेड्स अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन की ओर से बताया गया कि माननीय मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने जनहित से जुड़े विषयों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही कराने का भरोसा दिया। एओए ने इस अवसर पर मंत्री एवं पूर्व पार्षद के प्रति आभार व्यक्त किया।
सोसाइटी प्रतिनिधियों का कहना है कि इन समस्याओं के समाधान से न केवल गौर कैसकेड्स बल्कि राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र के बड़ी संख्या में निवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में GCBOM एवं सोसाइटी निवासियों ने सहयोग और सकारात्मक आश्वासन के लिए मंत्री सुनील कुमार शर्मा एवं पूर्व पार्षद संजीव त्यागी का धन्यवाद ज्ञापित किया।



