Ghaziabad

एमएलसी स्नातक चुनाव में प्रतिनिधित्व को लेकर त्यागी समाज ने उठाई आवाज, राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग

  • प्रेस वार्ता में समाज के प्रतिनिधियों ने दलों से संगठन और चुनावी अवसरों में भागीदारी पर पुनर्विचार का किया आग्रह

गाजियाबाद। अखिल भारतीय त्यागी ब्राह्मण सभा, गाजियाबाद द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में मेरठ–सहारनपुर मंडल के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में राजनीतिक प्रतिनिधित्व और संगठनात्मक भागीदारी को लेकर अपनी बात रखी गई। सभा के पदाधिकारियों ने आगामी एमएलसी (स्नातक) चुनाव में त्यागी समाज के कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाए जाने पर विचार करने की मांग की।

प्रेस वार्ता में संगठन के प्रतिनिधियों ने दावा किया कि मेरठ–सहारनपुर क्षेत्र में त्यागी समाज की जनसंख्या लगभग 5 से 6 प्रतिशत के बीच है और कई क्षेत्रों में समाज की भूमिका निर्णायक मानी जाती है। इसके बावजूद राजनीतिक प्रतिनिधित्व और संगठनात्मक अवसरों में अपेक्षित हिस्सेदारी नहीं मिलने की बात कही गई।

सभा के संरक्षक राजेंद्र त्यागी ने कहा कि समाज लंबे समय से राजनीतिक रूप से सक्रिय और विभिन्न चुनावों में भागीदारी करता रहा है, लेकिन प्रतिनिधित्व के स्तर पर अपेक्षित अवसर नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने कहा कि इस विषय पर समाज के भीतर चर्चा और चिंतन की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

महानगर अध्यक्ष पुनीत त्यागी ने कहा कि आगामी एमएलसी (स्नातक) चुनाव में समाज के कार्यकर्ताओं को अवसर दिए जाने की मांग समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा उठाई जा रही है। उनका कहना था कि संगठनात्मक स्तर पर भी संतुलित भागीदारी सुनिश्चित किए जाने पर विचार होना चाहिए।

जिला अध्यक्ष मनोज त्यागी ने कहा कि यदि राजनीतिक दल समाज की भावनाओं और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए प्रतिनिधित्व के अवसर बढ़ाते हैं तो इससे सकारात्मक संदेश जाएगा और समाज की भागीदारी और मजबूत हो सकती है।

प्रेस वार्ता के दौरान कुछ वक्ताओं ने विभिन्न सामाजिक समूहों के वर्तमान राजनीतिक प्रतिनिधित्व के आंकड़ों का हवाला देते हुए तुलनात्मक रूप से त्यागी समाज की हिस्सेदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं सभा के संरक्षक विजेंदर त्यागी ने कहा कि समाज में कई अनुभवी और वरिष्ठ नेता हैं जिन्हें विभिन्न संवैधानिक एवं संगठनात्मक भूमिकाओं में अवसर दिया जा सकता है।

कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष पुनीत त्यागी, जिला अध्यक्ष मनोज त्यागी, संरक्षक राजेंद्र त्यागी, मास्टर ब्रह्मदत्त त्यागी, विजेंदर त्यागी, आसाराम त्यागी, सुभाष त्यागी, सुनील त्यागी, महामंत्री अरुण त्यागी, डॉ. प्रमोद त्यागी, कोषाध्यक्ष मुकेश त्यागी, संगठन मंत्री पवन त्यागी सहित समाज के अनेक प्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हालांकि, प्रेस वार्ता में व्यक्त विचार संबंधित संगठन और वक्ताओं के विचार रहे तथा इस संबंध में संबंधित राजनीतिक दलों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी।

Umesh Kumar

Umesh is a senior journalist with more than 15 years of experience. Freelance photo journalist with some leading newspapers, magazines, and news websites and is now associated with Local Post as Consulting Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button