ईंट से वार कर पति की हत्या करने वाली महिला गिरफ्तार, झूठे आरोप से पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

गाजियाबाद : पति की हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। थाना नंदग्राम पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिसने गुस्से में अपने ही पति की ईंट से वार कर हत्या कर दी और फिर चालाकी से उसके दोस्तों पर झूठा आरोप लगाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
29 सितंबर 2025 को सुनीता पत्नी मनीष, निवासी किराये का मकान, सिकरोड, शिव मंदिर वाली गली, थाना नंदग्राम ने पुलिस को सूचना दी थी कि 28 सितंबर की रात उसके पति मनीष की हत्या उसके दोस्तों भोला और अक्षय ने शराब पीने के बाद कर दी है। इस पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामला गंभीर होने पर थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई।
3 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सुनीता को गुड्डू के मकान (सिकरोड) से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सच्चाई सामने आई तो सब हैरान रह गए। सुनीता ने स्वीकार किया कि उसने ही गुस्से में आकर अपने पति की हत्या की थी।
उसने बताया कि वह 12 सितंबर से मनीष के साथ किराये पर रह रही थी। 28 सितंबर की रात मनीष ने शराब के लिए घर का फ्रिज बेच दिया था और ठेके पर बैठकर शराब पी रहा था। जब वह रात करीब 10 बजे उसे घर बुलाने गई तो उसने न सिर्फ आने से इनकार किया बल्कि उसे और उसकी बेटियों को अपमानजनक बातें कही। इससे गुस्से में आकर सुनीता ने वहीं पड़ी एक ईंट से उसके सिर और मुंह पर वार कर दिया, जिससे मनीष की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद वह खून से सने कपड़ों में कमरे पर लौट आई और अगले दिन पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि मनीष की हत्या उसके दोस्तों ने की है। जांच में पुलिस ने सुनीता के बताए अनुसार उसके घटना के समय पहने गए कपड़े – काला कुर्ता, काली सलवार और सफेद चुन्नी – बरामद कर लिए।
थाना नंदग्राम पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी को गिरफ्तार किया और उसके द्वारा रची गई झूठी कहानी का पर्दाफाश किया। महिला के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



