Ghaziabad

“आवारा कुत्ते हटाओ, देश बचाओ” – गाजियाबाद से विजय गोयल ने छेड़ा NCR-व्यापी आंदोलन

गाजियाबाद। आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल का आंदोलन अब गाजियाबाद पहुँच चुका है। रविवार को राजनगर एक्सटेंशन स्थित निलाय ग्रीन सोसायटी में आयोजित बैठक में उन्होंने सैकड़ों निवासियों को संबोधित किया और स्पष्ट कहा कि “आवारा कुत्तों को हटाओ, देश बचाओ।”

यह बैठक सोसायटी की आरडब्ल्यूए द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें निवासियों ने अपनी पीड़ा खुलकर सामने रखी। सोसायटी की निवासी प्रियांशी ने बताया कि उनका बेटा मार्शल आर्ट सीखना चाहता था, लेकिन बाहर जाते समय आवारा कुत्तों के डर से असुरक्षित महसूस करता है। वहीं, सदस्य चंद्रशेखर ने कहा कि पुलिस उनकी शिकायतें सुनने के बजाय कुत्तों को खिलाने वालों के दबाव में निवासियों के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कर रही है।

विजय गोयल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद प्रदेश सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश न केवल अस्पष्ट हैं, बल्कि कई प्रावधान तो अदालत की भावना के विपरीत प्रतीत होते हैं। इससे समस्या हल होने के बजाय और गंभीर हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि –

  1. दुनिया के किसी भी देश में इतनी बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते सड़कों पर नहीं मिलते।
  2. भारत में ही कुत्तों के काटने की घटनाएं सबसे ज्यादा दर्ज होती हैं।
  3. रेबीज़ के सबसे ज्यादा मामले हमारे देश में आते हैं।
  4. टीकों की खपत भी सबसे अधिक यहीं होती है।
  5. इसका टूरिज़्म पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की प्रतीक्षा किए बिना ही ठोस कदम उठाए जाएं। गोयल ने सुझाव दिया कि आवारा कुत्तों के लिए शेल्टर होम बनाने की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए, ताकि भविष्य में किसी नए आदेश पर तुरंत अमल हो सके। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रदेश सरकार की अधिसूचनाएं सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करती पाई गईं, तो वे कानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेंगे।

लोक अभियान के महामंत्री सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि कुत्तों को खिलाने वाले कई एनजीओ विदेशी फंडिंग पर चलते हैं और इनके असली इरादों की जांच होनी चाहिए।

विजय गोयल ने यह भी बताया कि उन्हें लगातार नोएडा, गाज़ियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद से बैठकों के निमंत्रण मिल रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि इन बैठकों के बाद आंदोलन की दिशा तय करने के लिए बड़ा फैसला लिया जाएगा। उनकी अगली बैठक ऑक्सी होमेज अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन में आयोजित होगी।

Umesh Kumar

Umesh is a senior journalist with more than 15 years of experience. Freelance photo journalist with some leading newspapers, magazines, and news websites and is now associated with Local Post as Consulting Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button