आम्रपाली विलेज सोसायटी में लिफ्ट से लाया स्ट्रीट डॉग, मेड पर हमला कर काटा – CCTV फुटेज में कैद घटना
गाज़ियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की आम्रपाली विलेज सोसायटी में सोमवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। सोसायटी में काम करने वाली मेड कल्पना पर एक स्ट्रीट डॉग ने हमला कर उसे काट लिया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद से सोसायटी निवासियों में आक्रोश व्याप्त है।
फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि सोसायटी का ही एक निवासी लिफ्ट से स्ट्रीट डॉग को लेकर ऊपर आया। जैसे ही वह लिफ्ट से बाहर निकला और लॉबी की ओर बढ़ा, अचानक डॉग ने वहां मौजूद मेड पर हमला कर दिया और उसे काट लिया। पीड़िता मेड ने शोर मचाया लेकिन हैरानी की बात यह रही कि आरोपी युवक बिना किसी परवाह के डॉग को सीधे अपने फ्लैट में ले गया।
घटना के बाद मेड को तत्काल नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। सोसायटी के निवासियों ने इस पूरे मामले पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि स्ट्रीट डॉग को इस तरह सोसायटी परिसर में लाना और फ्लैट में रखना न केवल सोसायटी के नियमों का उल्लंघन है बल्कि यह दूसरों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।
निवासियों ने मांग की है कि जिम्मेदार रेजिडेंट के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त नियम लागू किए जाएं। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



