आईएमए ने शिव मंदिर समिति औषधालय में बच्चियों को लगाए मुफ्त सर्वाइकल कैंसर के टीके, बड़े स्तर पर अभियान की अपील

गाजियाबाद। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गाजियाबाद की टीम ने अध्यक्ष डॉ. अल्पना कंसल के नेतृत्व में धर्मार्थ औषधालय शिव मंदिर समिति, सेकंड सी/ई/एफ ब्लॉक में बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु गार्डासील-4 वैक्सीन निःशुल्क लगाई। इस शिविर के माध्यम से 32 बच्चियों का मुफ्त टीकाकरण किया गया।
आईएमए की ओर से बताया गया कि यह एक सतत जनहित मुहिम है, जिसकी शुरुआत पहले डॉ. अल्पना कंसल ने एक एनजीओ की मदद से की थी। उस दौरान लगभग 400 बच्चों का वैक्सीनेशन किया गया था। हालांकि, यह वैक्सीन बाजार में लगभग ₹3000 में उपलब्ध होने के कारण यह प्रोजेक्ट आर्थिक बाधाओं के चलते बंद होने की कगार पर पहुंच गया था।
“अभियान बंद नहीं होने दिया, आईएमए ने बढ़ाया कदम”
डॉ. अल्पना कंसल ने अभियान को रुकने नहीं दिया और इसके विस्तार के लिए आईएमए को आगे लाया गया। आईएमए की पहल के तहत अब तक तीन कैंपों के माध्यम से 90 बच्चों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
आईएमए ने मीडिया के माध्यम से समाज के सक्षम वर्ग, संस्थाओं और सहयोगियों से अपील की है कि इस अभियान को बड़े स्तर पर चलाने के लिए आर्थिक सहयोग और भागीदारी की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित किया जा सके।
महिलाओं में दूसरा सबसे बड़ा कैंसर, हर साल 74 हजार मौतें
आईएमए के चिकित्सकों ने बताया कि बच्चेदानी के मुंह (सर्वाइकल) का कैंसर, स्तन कैंसर के बाद महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे अधिक कैंसर है। हर साल इससे लगभग 74,000 महिलाओं की मृत्यु हो जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण बेहद प्रभावी उपाय है, साथ ही नियमित जांच भी आवश्यक है।
डॉक्टरों ने दी जागरूकता, अभिभावकों को भी समझाया
इस शिविर में डॉ. अल्पना कंसल के साथ डॉ. राजीव त्यागी, डॉ. सारिका जैन, डॉ. अरुणा अग्रवाल, डॉ. नवनीत वर्मा और डॉ. नीलू खनेजा ने टीकाकरण किया। साथ ही बच्चियों और उनके अभिभावकों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव, वैक्सीन की भूमिका और नियमित जांच के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
आईएमए की टीम (25-26) ने भरोसा जताया कि जनसहयोग और संस्थागत समर्थन मिलने पर यह अभियान आने वाले समय में और अधिक व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।


