Ghaziabad

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ मोदीनगर रेलवे स्टेशन ; प्रधानमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से किया लोकार्पण

  • सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान बोले – रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम

मोदीनगर । अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित मोदीनगर रेलवे स्टेशन का लोकार्पण समारोह शुक्रवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर में विकसित 261 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया तथा दो नई ट्रेनों को राष्ट्र को समर्पित किया।

मोदीनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में बागपत के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण केवल आधारभूत ढांचे का विकास नहीं, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और विश्वस्तरीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर प्रतीक्षालय, स्वच्छता, सुगम आवागमन, डिजिटल सुविधाएं और बेहतर यात्री अनुभव उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में रेलवे की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

समारोह के दौरान रुक्मिणी महिला इंटर कॉलेज एवं छाया पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रभक्ति का उत्साह भर दिया और उन्हें खूब सराहना मिली।

कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि एवं राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष रामपाल चौधरी, विधायक डॉ. मंजू सिवाच, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं चेयरमैन अमरजीत सिंह बिड्डी, राष्ट्रीय लोकदल के जिला उपाध्यक्ष विनोद गौतम, नगर अध्यक्ष मनोज त्यागी, सीताराम सैन, रेलवे के मुख्य अभियंता त्रिपाठी, जूनियर इंजीनियर थान सिंह, स्टेशन अधीक्षक महावीर सिंह सहित रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में केंद्र सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना यात्रियों की सुविधाओं को नए स्तर तक पहुंचाने वाली महत्वाकांक्षी परियोजना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मोदीनगर रेलवे स्टेशन क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराएगा और स्थानीय विकास को भी नई गति देगा।

LP News

Local Post News Network

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button