अधिकारियों के शोषण के विरोध में बंद रहा संजय नगर बाजार, व्यापारियों ने सीएम योगी तक पहुंचाई अपनी आवाज

गाजियाबाद। संजय नगर व्यापार मंडल ने शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पुलिस प्रशासन, नगर निगम और खाद्य विभाग पर व्यापारियों का शोषण करने का आरोप लगाते हुए व्यापार मंडल ने सुबह 11 बजे से 12 बजे तक बाजार बंद रखा। बंद का मुख्य उद्देश्य यह था कि प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गाजियाबाद आगमन के मौके पर व्यापारी अपनी आवाज उन तक पहुंचा सकें।
व्यापार मंडल अध्यक्ष विपिन गोयल और महामंत्री हरीश शर्मा ने कहा कि गाजियाबाद के व्यापारी हमेशा से भारतीय जनता पार्टी के कोर वोटर रहे हैं, लेकिन यहां के सरकारी अधिकारी लगातार व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। “पुलिस, नगर निगम और खाद्य विभाग के अधिकारी न केवल व्यापारियों को अनावश्यक परेशान कर रहे हैं, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से कमजोर करने का काम कर रहे हैं। यह सीधे तौर पर भाजपा के वोट बैंक को कमजोर करने की साजिश है।”
व्यापारियों ने कहा कि रोजाना होने वाली अनियमितताओं, चालानों और बिना वजह की कार्यवाही ने व्यापार को नुकसान पहुंचाया है। व्यापारी वर्ग में गहरा आक्रोश है और वे अब चाहते हैं कि मुख्यमंत्री इस मसले पर सीधे हस्तक्षेप करें।
इस मौके पर व्यापार मंडल के चेयरमैन प्रदीप गर्ग, अध्यक्ष विपिन गोयल, महामंत्री हरीश शर्मा, कोषाध्यक्ष राजेंद्र गर्ग, उपाध्यक्ष रितेश गर्ग, उपाध्यक्ष प्रकाश गुप्ता, वाइस चेयरमैन रवि कुमार, ठाकुर बबलू सिंह, तेजवीर मां, गौतम पंडित, राजू, केके शर्मा, मूलचंद तोमर, बालाजी मेडिकल स्टोर, बेदी ट्रेलर, ढींगरा इलेक्ट्रॉनिक, प्रवीण भाई, सत्यपाल सिंह सिसोदिया, उपाध्यक्ष राजू भाई, अशोक लाल सहित सैकड़ों की संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
व्यापारियों का कहना है कि यह विरोध केवल चेतावनी है। यदि हालात नहीं सुधरे तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



