अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राजनगर एक्सटेंशन में होगा नि:शुल्क योग महोत्सव, तैयारी बैठक संपन्न

- गाजियाबाद विकास मंच का लक्ष्य 2000 नागरिकों को योग से जोड़ने का, 21 जून को केडब्ल्यू मॉल में होगा आयोजन
गाजियाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गाजियाबाद विकास मंच द्वारा 21 जून को राजनगर एक्सटेंशन स्थित केडब्ल्यू मॉल में विशाल नि:शुल्क योग महोत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंच की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, जिम्मेदारियों और जनसहभागिता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 21 जून 2026 को प्रातः 6 बजे से 9 बजे तक आयोजित होने वाले इस योग महोत्सव में नि:शुल्क योग शिविर, प्राणायाम एवं ध्यान सत्र आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों के लिए जलपान एवं प्रसाद की व्यवस्था भी की जाएगी।
गाजियाबाद विकास मंच के संयोजक अभिषेक शर्मा ने बताया कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग वैश्विक स्तर पर स्वीकार्यता प्राप्त कर चुका है। उन्होंने कहा कि मंच का उद्देश्य गाजियाबाद के प्रत्येक नागरिक तक योग के लाभ पहुंचाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन पूर्णतः नि:शुल्क रहेगा।
बैठक में आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर अभियान एवं सोशल मीडिया गतिविधियों की रणनीति भी तय की गई। इसके साथ ही राजनगर एक्सटेंशन की विभिन्न सोसायटियों से ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किए जाने का निर्णय लिया गया, जो अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम के लिए गाजियाबाद विकास मंच ने लगभग 2000 नागरिकों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया है। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने इस लक्ष्य को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में गाजियाबाद विकास मंच के संयोजक अभिषेक शर्मा के साथ अरविंद भारद्वाज, नरेश सिरोही, मनोज अग्रवाल, देवेंद्र चौबे, राजेश तिवारी, प्रशांत त्यागी, नीरज विजयवर्गीय, राजन त्रिपाठी, बी.पी. उपाध्याय, प्रवीण उपाध्याय, जितेंद्र शर्मा, पद्माकर मिश्रा, अरविंद त्यागी, ईशान वांचू, शुभम गर्ग, ब्रज मोहन नेगी, अभिनव पांडे, पवन द्विवेदी, अमित चौधरी, सचिन कुमार सहित मंच के कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सदस्यों का “जय श्री बालाजी” पटका पहनाकर सम्मान किया गया।
बैठक के अंत में शहरवासियों से अपील की गई कि वे 21 जून को परिवार सहित योग महोत्सव में भाग लें और स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। आयोजन समिति के पदाधिकारियों की घोषणा शीघ्र किए जाने की भी जानकारी दी गई।

