संस्कार भारती द्वारा रंगोली और निबंध प्रतियोगिता का सफल आयोजन

गाजियाबाद: दीपावली महोत्सव के उपलक्ष्य में संस्कार भारती गाजियाबाद महानगर द्वारा रंगोली और निबंध प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र के मोरटी ग्राम स्थित कम्पोजिट विद्यालय में आयोजित किया गया, जिसमें प्राथमिक सरकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार के सहयोग से छात्रों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। इस आयोजन में फेडरेशन ऑफ राजनगर एक्सटेंशन सोसाइटीज (फ्रेंस) के अध्यक्ष सचिन त्यागी ने अध्यक्षता की, और पूर्व पार्षद संजीव त्यागी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्कार भारती गाजियाबाद महानगर के अध्यक्ष हरिओम दत्त शर्मा के विचारों से हुई, जिसमें उन्होंने भारतीय संस्कृति और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उनके इस उद्बोधन को उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों और छात्रों ने सराहा। इसके साथ ही, अतुल प्रकाश भटनागर, हेमंत बाजपेई, डॉ. वीणा मित्तल, अनुराग त्यागी और अन्य प्रमुख सदस्यों ने भी अपने विचार साझा किए।
फ्रेंस के अध्यक्ष सचिन त्यागी ने इस अवसर पर संस्कार भारती की भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “आज के समय में परिवारों के एकल होने के कारण बच्चों के संस्कारों में कमी आ रही है। ऐसे में संस्कार भारती जैसी संस्थाओं का कार्य समाज को सशक्त बनाने में अहम योगदान देता है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि फेडरेशन की ओर से भविष्य में संस्था को पूरा सहयोग मिलेगा।
इस प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा 6, 7 और 8 के छात्रों ने भाग लिया। रंगोली और निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं में संध्या, सलोनी, कशिश, प्रियांशु, हिमांशु, रेशमा, क्षमा और परी जैसे छात्रों का नाम शामिल है। इन छात्रों को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विशेष रूप से फ्रेंस के मीडिया सह-प्रभारी मोनू कुमार त्यागी और अन्य शिक्षकों, समाजसेवकों, और संस्था के सहयोगियों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए इस आयोजन को दीपावली महोत्सव के रूप में एक नई पहचान दी गई।



