यूनिनेव हाइट्स में हुआ आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य परीक्षण और रक्तदान शिविर का सफल आयोजन

गाजियाबाद : रविवार को यूनिनेव हाइट्स सोसायटी में आयुष्मान कार्ड पंजीकरण, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, और रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने भाग लिया और स्वास्थ्य के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।
सत्तर से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए राहतभरा कदम
शिविर में 70 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग के 80 वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड निशुल्क बनाए गए। प्रधानमंत्री स्वास्थ्य एवं कल्याण योजना के तहत इन कार्डों के माध्यम से बुजुर्गों को सरकार की पांच लाख तक की स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिलेगा।
मीडिया प्रभारी मनोज अग्रवाल ने बताया, “इस शिविर का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान कार्ड बनवाने में सहायता करना था ताकि वे आसानी से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें। यह शिविर समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का एक प्रयास है।”
निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और रक्तदान
शिविर में 80 लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें ब्लड प्रेशर, शुगर, और सामान्य चेकअप शामिल थे। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को उनके शारीरिक स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
इसके साथ ही, यूनिनेव हाइट्स सोसायटी के 40 उत्साही युवाओं ने रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। शिविर में रक्तदान को लेकर स्थानीय निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और इसे एक सकारात्मक कदम बताया।
अगला शिविर राजनगर रेजिडेंसी में 22 दिसंबर को
इस सफल आयोजन के बाद, यूनिनेव हाइट्स सोसायटी के आयोजकों ने घोषणा की कि इसी तरह का अगला शिविर 22 दिसंबर 2024 को राजनगर रेजिडेंसी सोसायटी में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि इस शिविर में भी आयुष्मान कार्ड बनवाने और निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।



