मुरादनगर में ‘101 पियाऊ सेवा अभियान’ का शुभारंभ, भीषण गर्मी में राहगीरों को मिलेगा निःशुल्क जल

गाजियाबाद/मुरादनगर: भीषण गर्मी में आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से विश्वनाथ सनातन संघ (VSS) द्वारा ग्राम ऊखलारसी, मुरादनगर में “101 पियाऊ सेवा अभियान” का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क शीतल जल उपलब्ध कराने की पहल की गई है।
अभियान का उद्देश्य राहगीरों, श्रमिकों और आम लोगों को गर्मी के दौरान पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए सेवा भाव के साथ पियाऊ की स्थापना की शुरुआत की।
संघ के अध्यक्ष अनन्त सनातनी ने बताया कि “101 पियाऊ सेवा अभियान” के अंतर्गत कुल 101 स्थानों पर पियाऊ स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा, जिसमें प्रथम चरण में 11 पियाऊ, द्वितीय चरण में 45 और तृतीय चरण में 45 पियाऊ स्थापित किए जाएंगे।

अभियान के संदेश “नर सेवा ही नारायण सेवा है” को केंद्र में रखते हुए संघ समाज में सेवा, सहयोग और संस्कार की भावना को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है। साथ ही, जलदान को सर्वोच्च दान बताते हुए लोगों को इस पुनीत कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में रोहित, अनमोल, हर्ष, विनय, कार्तिक, राजकुमार और बिट्टू सहित कई स्थानीय गणमान्य व्यक्ति एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
स्थानीय निवासियों ने भी इस अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में इस तरह की पहल से लोगों को काफी राहत मिलेगी।
अभियान के दौरान उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी ऐसे जनसेवा कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे और समाज में सेवा की भावना को और मजबूत किया जाएगा।


