महिला कांग्रेस का गाजियाबाद में भव्य रोड शो: महिलाओं के अधिकारों के लिए उठाई आवाज

गाजियाबाद: महिला कांग्रेस ने महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए गाजियाबाद में एक भव्य रोड शो का आयोजन किया। यह आयोजन महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा और प्रदेश अध्यक्ष भारती त्यागी के आह्वान पर हुआ। रोड शो का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष भारती त्यागी और महानगर अध्यक्ष सोनल नागर ने किया, जो रामलीला मैदान से शुरू होकर घंटाघर तक चला।
महिला कांग्रेस की महानगर अध्यक्ष सोनल नागर ने इस अवसर पर राजनीतिक न्याय के तहत 33 प्रतिशत महिला आरक्षण विधेयक को तुरंत लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस आरक्षण में अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति, अति-पिछड़ी एवं अन्य पिछड़ी वर्ग की महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। नागर ने यह भी कहा कि जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, वहां इस पर चर्चा कर इसे लागू किया जाना चाहिए।
महिला कांग्रेस की तीन मुख्य मांगे:
महिला कांग्रेस ने इस आंदोलन के माध्यम से केंद्र सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं:
1. राजनीतिक सशक्तिकरण: महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण और भागीदारी के तहत महिला आरक्षण कानून को तुरंत लागू करने की मांग की गई। इसमें अति पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षण और भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
2. आर्थिक सशक्तिकरण: आर्थिक सशक्तिकरण के तहत बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से लड़ रही महिलाओं को राहत देने के लिए, केंद्र सरकार की महालक्ष्मी योजना के अनुसार, हर गरीब परिवार की एक महिला को सालाना 1 लाख रुपये या हर महीने 8,500 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दिए जाने की मांग की गई।
3. सामाजिक न्याय और सुरक्षा का अधिकार: देश भर में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में बढ़ोतरी को देखते हुए, महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करने की मांग की।
इस मौके पर, पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष भारती त्यागी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं को उनका सम्मान दिलाने के लिए वचनबद्ध है।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष भगवती शर्मा, महासचिव सुशीला कोली, सचिव सीमा शर्मा, सुनीता मंडल, नफीसा, कामिनी प्रीति शर्मा, हापुड़ नगर अध्यक्ष खालिदा खान, उपाध्यक्ष संजना यादव, गौतम बुद्ध नगर जिला अध्यक्ष राधा रानी, उपाध्यक्ष नजमा खान, सचिव गीता, प्रीति, और दादरी ब्लॉक अध्यक्ष इमराना सैफी सहित अन्य प्रमुख महिलाएं उपस्थित रहीं।


