नवरात्रि के दूसरे दिन प्रतीक ग्रैंड सिटी की महिलाओं ने मां ब्रह्मचारिणी की पूजा कर मांगा आशीर्वाद

गाजियाबाद: नवरात्रि के पावन पर्व का दूसरा दिन देवी दुर्गा के नौ रूपों में से एक, मां ब्रह्मचारिणी को समर्पित होता है। मां ब्रह्मचारिणी अपनी तपस्या, भक्ति और शांत स्वभाव के लिए पूजनीय हैं और दृढ़ता तथा शक्ति का प्रतीक मानी जाती हैं। भक्तों का मानना है कि मां ब्रह्मचारिणी की पूजा करने से साहस, ज्ञान और भावात्मक संतुलन की प्राप्ति होती है।
इस शुभ अवसर पर, गाजियाबाद स्थित प्रतीक ग्रैंड सिटी की महिलाओं ने हरे रंग के वस्त्र धारण कर मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की। हरा रंग इस दिन के लिए विशेष माना जाता है, जो विकास और समृद्धि का प्रतीक है। महिलाओं ने मां के चरणों में चमेली के पुष्प अर्पित किए और सभी के जीवन में सुख-शांति और सफलता की कामना की।
इस आयोजन में पूनम, आशु, सीमा गोस्वामी, मधु तिवारी, कौशल्या, किरण, मीणा त्रिपाठी, आरती मालिक, अनु सिद्धू, पलक शर्मा, भारती, सुजाता, नेहा, सोनी चौरसिया, राखी चौहान, रश्मि, अश्विनी, मधु गर्ग, सुमाली सक्सेना सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। सभी ने मां ब्रह्मचारिणी से अपने परिवारों और समाज की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा।
महिलाओं ने एकजुट होकर न केवल धार्मिक आस्था को प्रकट किया, बल्कि आपसी सौहार्द और सामुदायिक एकता का भी संदेश दिया। पूजा के दौरान माहौल भक्तिमय बना रहा और सभी ने मिलकर मां ब्रह्मचारिणी के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और नवरात्रि के शेष दिनों में भी इसी तरह उत्साह से पूजा-पाठ करने का संकल्प लिया।



