गाजियाबाद में योग सप्ताह की शुरुआत, “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” थीम पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियाँ जोरों पर

✍️ लोकल पोस्ट संवाददाता | गाजियाबाद | 15 जून 2025
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 की तैयारी के तहत गाजियाबाद में योग सप्ताह की आज शानदार शुरुआत हुई। राजकीय अस्पताल, संजय नगर स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति, दिल्ली-एनसीआर के सह राज्य प्रभारी योगाचार्य डॉ. राजवीर सिंह और जिला व्यायाम शिक्षक डॉ. राजकुमार के नेतृत्व में प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय सामान्य योग पाठ्यक्रम का अभ्यास कराया गया।
इस आयोजन में एएमओ नरेंद्र आनंद, चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और कई गणमान्य व्यक्तियों ने योग दिवस प्रोटोकॉल का अभ्यास करते हुए सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में समाजसेवी देवेंद्र हितकारी और काजल छिब्बर की विशेष उपस्थिति रही।
🌿 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: “योग – एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य”
इस वर्ष का योग दिवस थीम है – “One Earth, One Health” (एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य), जो केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक, सामाजिक और वैश्विक स्वास्थ्य की ओर हमारा ध्यान आकर्षित करता है।
डॉ. राजवीर सिंह, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कोऑर्डिनेटर और पतंजलि योगपीठ दिल्ली-एनसीआर के सह राज्य प्रभारी ने बताया कि इस वर्ष योग दिवस को देशभर में एक लाख से अधिक स्थानों पर भव्य रूप से मनाया जाएगा। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में पतंजलि परिवार की ओर से 20 से अधिक स्थानों पर विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे।
📍 एनसीआर में प्रमुख योग स्थलों में शामिल हैं:
- डी पार्क, सेक्टर 62, नोएडा
- जेपी अमन सोसाइटी, सेक्टर 151, नोएडा
- राम मनोहर लोहिया पार्क, राजेन्द्र नगर
- वीवीआईपी क्रिकेट ग्राउंड, राजनगर एक्सटेंशन
- राम चमेली चढ़ा गर्ल्स डिग्री कॉलेज
- स्प्रिंग व्यू अपार्टमेंट, लाल कुआं
- सरस्वती शिशु मंदिर, बलराम नगर, लोनी
🙏 ब्रह्मसरोवर, कुरुक्षेत्र में विशाल योग महाकुंभ
योग दिवस की भव्यता इस बार हरियाणा के ब्रह्मसरोवर पार्क, कुरुक्षेत्र में देखने को मिलेगी, जहां पूज्य स्वामी रामदेव महाराज के सान्निध्य में 1 लाख से अधिक साधक एक साथ योग कर विश्व शांति और स्वास्थ्य के लिए संकल्प लेंगे।
सभी को आमंत्रण
डॉ. राजवीर सिंह ने लोकल पोस्ट से बातचीत में बताया कि
“योग केवल क्रिया नहीं, बल्कि एक जीवन शैली है। हम सभी से आग्रह करते हैं कि 21 जून को आयोजित कार्यक्रमों में सपरिवार सहभागिता करें और अपने जीवन को संतुलन, स्वास्थ्य और सशक्त ऊर्जा से भर दें।“



