
गाजियाबाद: एक महिला के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किए जाने का मामला सामने आया है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के अनुसार महिला के साथ दुष्कर्म के बाद गुप्तांग में रॉड डालने की घटना भी सामने आई है। वहीं गाजियाबाद के एसपी ने प्रथम दृष्टया मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच की बात कही है।
नंद नगरी की रहने वाली महिला की शिकायत पर दिल्ली महिला आयोग ने गाजियाबाद पुलिस को नोटिस जारी किया है। एसपी सिटी गाजियाबाद निपुण अग्रवाल ने बताया कि इस संबंध में पहले ही केस दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है । पुलिस सूत्रों के मुताबिक महिला ने जिन आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है, उनके साथ महिला का प्रॉपर्टी को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। महिला दिल्ली की रहने वाली है। गाजियाबाद पुलिस इस मामले में जल्द खुलासा करेगी।
एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि 18 अक्टूबर की सुबह साढ़े तीन बजे पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना मिली थी, इसमें बताया था कि कोई महिला आश्रम रोड के पास पड़ी है। इस सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल महिला को अस्पताल पहुंचाया। जहां उस महिला की पहचान नंद नगरी दिल्ली निवासी के रूप में हुई। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह एक दिन पहले ही नंदग्राम में रहने वाले अपने भाई के जन्मदिन पर आई थी। यहां से उनके भाई ने बस स्टैंड पर छोड़ा तो कुछ लोगों ने उसे अगवा कर लिया और दो दिन तक इस वारदात को अंजाम दिया।
यह कहना है स्वाति मालीवाल का
दिल्ली की लड़की ग़ाज़ियाबाद से रात में वापिस आ रही थी जब उसे ज़बरन गाड़ी में उठा ले गए। 5 लोगों ने 2 दिन बलात्कार किया , उसके गुप्तांगों में रॉड घुसाई। सड़क किनारे बोरी में मिली तब भी रॉड उसके अंदर थी। अस्पताल में ज़िंदगी के लिए लड़ रही है। SSP ग़ाज़ियाबाद को नोटिस इशू किया है।
