गाजियाबाद में पहली बार महिला पुलिस द्वारा एनकाउंटर, लूट और झपटमारी का आरोपी बदमाश घायल

गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में पहली बार महिला पुलिस टीम ने बहादुरी का परिचय देते हुए एनकाउंटर किया। सोमवार देर रात हुए इस एनकाउंटर में बदमाश जितेंद्र (22) पैर में गोली लगने से घायल हुआ और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जितेंद्र पर लूट, चोरी और झपटमारी जैसे आठ से अधिक मामले दर्ज थे और वह लंबे समय से पुलिस की तलाश में था।
जानकारी के अनुसार, महिला थाना पुलिस टीम लोहिया नगर चौकी के पास वाहन चेकिंग कर रही थी, तभी मेरठ रोड की ओर से एक स्कूटी सवार संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। जब पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह रुकने के बजाय स्कूटी घुमाकर भागने लगा। पीछा करने पर स्कूटी मोड़ पर अनियंत्रित होकर फिसल गई और युवक गिर पड़ा। पुलिस ने उसे सरेंडर करने को कहा, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।


आत्मरक्षार्थ महिला पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। मौके से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस, चोरी की स्कूटी, एक मोबाइल फोन और टैबलेट बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह एनसीआर क्षेत्र में स्कूटी और बाइक चोरी कर राहगीरों से मोबाइल, पैसे और सामान झपटता था। बरामद टैबलेट और फोन उसने बीती रात थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र से चोरी किए थे जबकि स्कूटी भी दिल्ली से चोरी की गई थी। जितेंद्र ने यह भी स्वीकारा कि वह चोरी और लूट से मिले पैसों से अपने शौक पूरे करता था।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि आरोपी जितेंद्र निवासी सेक्टर-9 विजयनगर पर पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी महिला पुलिस टीम की बड़ी उपलब्धि है और यह घटना गाजियाबाद पुलिस की नई पहल को दर्शाती है, जिसमें महिला पुलिस कर्मियों को सक्रिय भूमिका में आगे बढ़ाया जा रहा है।
यह एनकाउंटर न सिर्फ अपराध पर पुलिस की सख्ती का उदाहरण है बल्कि महिला पुलिस की बढ़ती भूमिका और साहस का प्रतीक भी है।

