गाजियाबाद नगर निगम ने निकाली 78 फीट तिरंगे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा, शहर में गूंजे देशभक्ति के नारे

गाजियाबाद: स्वतंत्रता दिवस के 78 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गाजियाबाद नगर निगम ने आज नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में 78 फीट लंबे तिरंगे के साथ एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यात्रा नगर निगम मुख्यालय से प्रारंभ होकर नवयुग मार्केट स्थित शहीद पथ तक पहुंची, जहां शहीदों को नमन करते हुए यात्रा का समापन किया गया।
इस तिरंगा यात्रा में नगर निगम के अधिकारी, माननीय पार्षद, एम.बी. गर्ल्स स्कूल की छात्राएं और अनेक नागरिक शामिल हुए। हाथों में लहराते तिरंगे और गूंजते देशभक्ति के नारों के बीच यात्रा देशभक्ति के माहौल में सराबोर रही। यात्रा के दौरान देशभक्ति के गीतों ने जोश और उमंग को और बढ़ा दिया।
शहीद पथ पर पहुंचकर नगर आयुक्त, पार्षदों और अन्य उपस्थित जनों ने शहीदों की प्रतिमा पर पुष्पमालाएं अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव ने बताया कि अमृत महोत्सव के तहत हर वर्ष की तरह इस बार भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जोर-शोर से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस क्रम में नगर निगम शहर में चार लाख राष्ट्रीय ध्वज वितरित करेगा और नागरिकों से 15 अगस्त के बाद ध्वज को सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखने की अपील भी की जाएगी।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि हर घर तिरंगा और हर घर स्वच्छता का संदेश शहर के हर कोने तक पहुंचाना निगम का लक्ष्य है। इस अभियान में पार्षदों के साथ-साथ कई सामाजिक संस्थाएं भी सक्रिय सहयोग कर रही हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि अगले दो दिनों में तिरंगे हर घर तक पहुंचा दिए जाएंगे।
78 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकली यह यात्रा न केवल लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रही बल्कि इसने शहर में देशभक्ति की भावना को भी नई ऊंचाई दी। कार्यक्रम के अंत में नगर आयुक्त ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और हर नागरिक से स्वच्छता और राष्ट्रप्रेम की भावना को आत्मसात करने का आह्वान किया।


