गाजियाबाद: जर्जर मकान की छत गिरने से एक की मौत, दो घायल

गाजियाबाद : गाजियाबाद के लोनी बार्डर थाना क्षेत्र की परमहंस विहार कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक जर्जर मकान के कमरे की छत अचानक गिर गई, जिसके मलबे में सो रही एक महिला और उसकी दो बेटियां दब गईं। इस हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी दोनों बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। उन्होंने मलबे से महिला और उसकी दोनों बेटियों को निकाला और उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया। घायल बच्चियों का इलाज जारी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, मकान काफी पुराना था और इसकी हालत जर्जर थी। बारिश के मौसम में छत की हालत और भी खराब हो गई थी। रात को जब परिवार सो रहा था, तभी अचानक छत गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।



