गाजियाबाद के मुरादनगर में घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग, बेटे की मौत, मां घायल — हमलावर फरार
गाजियाबाद | 9 जून 2025
गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र के धेड़ा गांव में रविवार रात आतंक का माहौल बन गया जब एक युवक अपने साथियों के साथ घर में घुसकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगा। इस हमले में 30 वर्षीय पंकज चौधरी की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गुड्डी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना से गांव में अफरा-तफरी और भय का माहौल फैल गया।
घटना का विवरण
रविवार रात करीब 8:45 बजे, धेड़ा गांव निवासी पिंटू चौधरी का परिवार रोज़मर्रा की तरह अपने घर में था। उसी समय प्रशांत उर्फ कबूतर, जो पड़ोसी गांव का रहने वाला है, अपने 3-4 साथियों के साथ पिंटू के घर पहुंचा। अंदर घुसते ही उन्होंने पहले महिला गुड्डी पर फायरिंग की, जो खून से लथपथ होकर ज़मीन पर गिर गईं। इसके बाद पंकज को दो गोलियां मारी गईं, एक पेट में और दूसरी सीने में।
घटना के वक्त पिंटू चौधरी ने कमरे में छिपकर अपनी जान बचाई और तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
अस्पताल में बेटा दम तोड़ गया
घायलों को आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह पंकज ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, गोली लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ जिससे उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं, गुड्डी देवी की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। उन्हें भी एक गोली लगी है।

आरोपी फरार, केस दर्ज
पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर प्रशांत उर्फ कबूतर पुत्र पवन, विक्की उर्फ चेटी और सन्नी यादव के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
ACP मसूरी लिपि नगायच ने बताया कि
“हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमले का कारण पुराना विवाद था।“
परिवार मांग रहा न्याय
मृतक पंकज के पिता पिंटू चौधरी का कहना है कि उनका बेटा निर्दोष था और यह हमला सोची-समझी साजिश का हिस्सा है। परिवार ने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है।



