ग़ाज़ियाबाद में सनसनीखेज खुलासा: 10 लाख की ठगी में तीन सिपाही गिरफ्तार

गाज़ियाबाद: गाज़ियाबाद में हुए 10 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन सिपाहियों सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित मोहम्मद शादाब ने 29 अगस्त को थाना वेवसिटी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि दो अज्ञात व्यक्ति और दो पुलिस वर्दीधारी लोगों ने उन्हें और उनके परिवार वालों को दुबई की मुद्रा देने के नाम पर ठगा है। आरोपियों ने भारतीय मुद्रा के बदले नकली पैकेट थमा दिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार टीमों का गठन किया। पुलिस ने 30 अगस्त को चेकिंग के दौरान मैनुअल इनपुट की मदद से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से 4,36,000 रुपये भी बरामद किए हैं।
पूछताछ में सामने आया है कि इस ठगी की साजिश में तीन सिपाही सचिन, अनिल और संजय मुख्य भूमिका में थे। ये सभी सिपाही अपने पद का गलत इस्तेमाल करते हुए डॉक्टर मौहतरम के साथ मिलकर इस ठगी को अंजाम दे रहे थे। इतना ही नहीं, उन्होंने ठगी के बाद पीड़ितों को डराने-धमकाने का भी काम किया था, जिससे वे पुलिस के पास शिकायत न कर सकें।
फिलहाल, सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और तीनों सिपाहियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


