कांवड़ यात्रा की तैयारी जोरों पर: गाजियाबाद पुलिस और प्रशासन ने किया गंगनहर घाट का निरीक्षण

गाजियाबाद : सावन माह में जारी कांवड़ यात्रा के सुचारू संचालन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं कानून-व्यवस्था), कमिश्नरेट गाजियाबाद एवं जिलाधिकारी गाजियाबाद ने सोमवार को मुरादनगर स्थित गंगनहर घाट सहित पूरे कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया और मौके पर उपस्थित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि कांवड़ियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


गंगनहर घाट जैसे संवेदनशील स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर SDRF (State Disaster Response Force) की तैनाती की गई है। टीम को निर्देशित किया गया है कि वे किसी भी आपात स्थिति या संभावित प्रतिकूल हालात से निपटने के लिए सतर्क रहें और त्वरित प्रतिक्रिया के लिए तैयार रहें।
अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए कि घाटों पर आने वाले यात्रियों को साफ पानी, प्राथमिक चिकित्सा, शौचालय, विश्राम स्थल और छायादार स्थान जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए जगह-जगह पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती का निर्देश भी दिया गया।
कांवड़ यात्रा, जो धार्मिक आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है, में हर साल लाखों श्रद्धालु गंगाजल लेने हरिद्वार से पैदल चलते हुए लौटते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा शासन-प्रशासन की पहली प्राथमिकता बनी हुई है।



