कन्या वैदिक इंटर कॉलेज में माध्यमिक शिक्षक संघ का जनसंपर्क अभियान

- शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं व विसंगतियों पर हुआ मंथन
गाजियाबाद।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष उमेश चंद त्यागी द्वारा कन्या वैदिक इंटर कॉलेज, गाजियाबाद में शिक्षिकाओं के साथ जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सामने आ रही विभिन्न समस्याओं और व्यवस्थागत विसंगतियों से शिक्षिकाओं को अवगत कराया तथा उनके समाधान को लेकर संगठन की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम के अवसर पर कन्या वैदिक इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या महिमा कटारिया सहित बड़ी संख्या में शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। प्रदेश अध्यक्ष उमेश चंद त्यागी ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा जगत कई चुनौतियों से गुजर रहा है, जिनका समाधान केवल संगठित प्रयासों और शिक्षक एकजुटता से ही संभव है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और शिक्षकों के अधिकारों व हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला मंत्री महेंद्र सिंह नागर, कपिल अग्रवाल, वीरेंद्र नागर एवं राजीव त्यागी भी मौजूद रहे। वक्ताओं ने संगठन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए मजबूत संगठन अनिवार्य है।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षिकाओं ने भी संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर सहमति जताई। जनसंपर्क कार्यक्रम को सकारात्मक बताते हुए शिक्षकों ने भविष्य में भी ऐसे संवाद और बैठकों के आयोजन की अपेक्षा जताई।


