
- उत्तर प्रदेश में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल 1 जनवरी तक बंद
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में जारी कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के हित में बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश भर में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल 1 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
मुख्यमंत्री के फैसले के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से आदेश जारी कर दिए हैं। यह निर्देश प्रदेश के सभी जिलों में समान रूप से लागू होंगे। प्रशासन का कहना है कि लगातार गिरते तापमान और घने कोहरे के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, स्कूल बंदी की अवधि के दौरान बच्चों को घर पर ही सुरक्षित रखने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई है। वहीं, अभिभावकों ने भी सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया है और इसे बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम बताया है।
प्रशासन ने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए। मौसम की स्थिति की समीक्षा के बाद आगे की निर्णय प्रक्रिया पर विचार किया जाएगा।


