ऑपरेशन ब्रह्मा में साहसिक सेवा देने वाली NDRF की टीम का भव्य सम्मान समारोह, देश के गौरव को किया ऊँचा

गाज़ियाबाद : म्यांमार में आए भीषण भूकंप राहत अभियान ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 8वीं बटालियन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम के सम्मान में शनिवार को कमला नेहरू नगर, गाज़ियाबाद स्थित बल मुख्यालय में एक भव्य और गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के महानिदेशक पियूष आनंद, आईपीएस मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके स्वागत में महानिरीक्षक नरेंद्र सिंह बुंदेला, उप महानिरीक्षक (ऑप्स) मोहसिन शाहेदी, तथा उप महानिरीक्षक 8वीं बटालियन प्रवीण कुमार तिवारी उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि ने ऑपरेशन ब्रह्मा में टीम द्वारा प्रदर्शित साहस, समर्पण और मानवीय सेवा की प्रशंसा करते हुए कहा, “यह केवल एक राहत कार्य नहीं था, यह भारत की मानवता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है।”


ऑपरेशन ब्रह्मा की मुख्य झलकियाँ
- 29 मार्च 2025 को हिंडन एयरबेस से 80 रेस्क्यूर्स की टीम कमांडेंट पी.के. तिवारी के नेतृत्व में म्यांमार रवाना हुई थी।
- टीम में 6 अधिकारी, 74 अन्य रेस्क्यूर्स, महिला रेस्क्यूर्स तथा K-9 डॉग यूनिट भी शामिल थे।
- टीम ने 7 दिन तक लगातार 14 राहत क्षेत्रों में कार्य किया।
- इस दौरान 64 मृतकों के शवों को बरामद किया गया।
- टीम अत्याधुनिक INSARAG (International Search and Rescue Advisory Group) तकनीक और उपकरणों से लैस थी।
- 6 अप्रैल 2025 को ऑपरेशन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ और टीम भारत लौटी।

इस अभियान को म्यांमार के मांडले प्रांत के मुख्यमंत्री द्वारा विशेष प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया, जो कि भारत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानवीय सहायता की छवि को और मजबूत करता है।
सम्मान समारोह में बल के उन योद्धाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने न केवल एनडीआरएफ की प्रतिष्ठा को ऊँचा किया, बल्कि देश का नाम भी गौरवान्वित किया।
इस मौके पर उपस्थित सभी अधिकारियों और आमंत्रित जनों ने वीरतापूर्ण सेवा भावना को नमन करते हुए टीम को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



