मेरठ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज भामाशाह पार्क में आयोजित निकाय प्रबुद्ध सम्मेलन में लोगों से निकाय चुनावों में जीत दिलवाने की अपील करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार विकास कर रही है। इसलिए निकाय चुनाव में पिछली बार जो चूक हुई थी उसे न दोहराएं और पार्टी को जीत दिलवाएं। मेरठ के आसपास विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित हो रही हैं। उन्होंने मेरठ के उद्यमियों, व्यापारियों और प्रबुद्ध जन से आह्वान किया है कि स्थानीय स्तर की सरकारों के लिए भी एक तैयारी की जाए।
विक्टोरिया पार्क में बुधवार को आयोजित प्रबुद्ध जनसभा में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मेरठ की अपनी ऐतिहासिक एवं पौराणिक पहचान है। मेरठ के हस्तिनापुर में ही भारत का इतिहास रचा गया। आजादी की लड़ाई के दौरान भारत के इतिहास को बनाने वाली भूमि है। अपने स्किल के रूप में अपनी पहचान दिलाने वाली धरती है। मेरठ के हस्तशिल्पी और कारीगरों ने स्पोर्ट्स सिटी के रूप में मेरठ को विकसित कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज मेरठ विकास की नई दौड़ के साथ आगे बढ़ रहा है। मेरठ के आसपास के लोगों को विकास की विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल रही हैं। पांच साल पहले मेरठ से दिल्ली जाने में तीन से चार घंटे लगते थे, अब 45 मिनट में जा सकते हैं। मेरठ से दिल्ली की दूरी तो कम हो गई, अब मेरठ से लखनऊ की दूरी को कम करने के लिए गंगा एक्सप्रेस वे बनाया जा रहा है। मेरठ से लखनऊ साढ़े चार घंटे में जाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि यूपी की कानून व्यवस्था कर्फ्यू मुक्त, दंगा मुक्त हो चुकी है। गुंडा, माफिया जो लड़कियों का स्कूल जाना बंद करते थे वो कहा है। कहा कि अब प्रदेश में गुंडा टैक्स नहीं वसूला जा रहा है। ट्रैफिक में आईटीएमएस सुविधाएं लाए है। अपराधी भाग नही सकता पकड़ कर ढेर कर दिया जाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री ने 517 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकाय के प्रबुद्ध जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में मदद करें। पिछली बार नगर निकाय में अगर भाजपा का बोर्ड होता तो नगर निगम मेरठ की कायाकल्प करने में मदद मिलती। सरकार केवल पैसा दे सकती है लेकिन उसे ईमानदारी से धरातल पर पहुंचाने में स्थानीय बोर्ड का योगदान होता है। प्रदेश तीव्रता के साथ विकास कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रहा है। मेरठ में जो 517 करोड़ की 376 परियोजनाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं ये हमारे जनप्रतिनिधियों के परिश्रम और पुरुषार्थ का परिणाम है। इसमें स्मार्ट सिटी से जुड़ी परियोजनाएं भी हैं तो स्किल डेवलपमेंट से जुड़ी परियोजनाएं भी हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव कुमार बालियान, उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री जल शक्ति दिनेश खटीक, ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, सांसद राजेंद्र अग्रवाल, डॉ. सत्यपाल सिंह, डॉ लक्ष्मीकांत बाजपेयी, विजयपाल सिंह तोमर, कांता कर्दम समेत कई विधायक व पदाधिकारी उपस्थित रहे।