उत्तर प्रदेश : दिसंबर के अंतिम सप्ताह में होंगे प्रदेश में निकाय चुनाव
मेरठ: उत्तर प्रदेश में जल्द ही निकाय चुनाव होने है, लेकिन अभी तक कोई निश्चित तिथि का निर्णय नहीं लिया गया है। ऐसा अंदेशा लगाया जा रहा है की प्रदेश के 763 नगर निकायों के चुनाव मैनपुरी लोकसभा, रामपुर और खतौली विधानसभा उप चुनाव और गुजरात विधानसभा चुनाव के बाद ही कराए जाएंगे। नगर विकास विभाग और राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव के दौरान प्रशासन व पुलिस के पर्याप्त इंतजाम और अन्य व्यवस्थाओं को देखते हुए दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक निकाय चुनाव कराने का विचार किया है। अगर ऐसा होता है तो स्पष्ट है की प्रदेश के शहरों को उनकी सरकार नए साल में ही मिलेगी।
गौरतलब है की प्रदेश में कुल 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका परिषद और 546 नगर पंचायतों में चुनाव होना है। अभी मैनपुरी लोकसभा, खतौली और रामपुर विधानसभा क्षेत्र में उप चुनाव होने हैं। गुजरात में भी विधानसभा चुनाव चल रहे है। इस वजह से सभी राजनीतिक दलों का फोकस इन चुनावों में है और वो इन्ही चुनावों में व्यस्त हैं। गुजरात चुनाव और प्रदेश के उपचुनाव के लिए 5 दिसंबर को मतदान होगा और 8 दिसंबर को मतगणना होगी। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक राजनीतिक दलों की भी यही ईक्षा है कि गुजरात चुनाव और प्रदेश के उप चुनाव के बाद ही निकाय चुनाव कराए जाएं ताकि उन्हें पर्याप्त समय मिल सके।