हिंदू साम्राज्य दिवस पर राजनगर एक्सटेंशन में गौसेवा हेतु चारे की खोर व बावड़ी निर्माण का शिलान्यास

✍️ लोकल पोस्ट ब्यूरो | गाज़ियाबाद | 8 जून 2025
गाज़ियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और क्षत्रिय सेवा संघ के संयुक्त तत्वावधान में हिंदू साम्राज्य दिवस के उपलक्ष्य में एक प्रेरणादायक पहल की गई। निराश्रित गौमाताओं की सेवा हेतु चारे की खोर एवं पानी पीने के लिए बावड़ी के निर्माण का शिलान्यास भाजपा गाजियाबाद महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल द्वारा किया गया।
इस पुण्य कार्य के अवसर पर सैकड़ों स्वयंसेवक, हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि, और स्थानीय समाजसेवी उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर विशेष ऊर्जा और भक्ति भाव का माहौल देखा गया।
गौसेवा को लेकर संकल्पबद्ध प्रयास
इस अवसर पर मयंक गोयल ने कहा,
“संघ व समाज द्वारा किया गया यह प्रयास वास्तव में प्रशंसनीय है। आज जिस तरह से गर्मी चरम पर है, ऐसे में निराश्रित गोमाताओं के लिए पानी और भोजन की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। इस मॉडल को जिले के अन्य हिस्सों में भी अपनाया जाना चाहिए।“
उन्होंने आगे कहा कि यह सिर्फ एक धार्मिक कर्तव्य नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है कि हम उन प्राणियों की सेवा करें जो हमारी संस्कृति और आस्था का हिस्सा हैं।
समाजिक सहभागिता का उदाहरण
इस आयोजन को और भी भावनात्मक रूप देने के लिए राज एम्पायर सोसाइटी, राजनगर एक्सटेंशन के निवासियों ने शर्बत वितरण का भी आयोजन किया। राहगीरों और उपस्थित लोगों को शीतल पेय वितरित कर सेवा और सहयोग की भावना को और अधिक सशक्त किया गया।
संदेश और उद्देश्य
यह आयोजन न केवल गोसेवा को समर्पित था, बल्कि इससे यह भी संदेश दिया गया कि धार्मिक आयोजनों को सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ना समय की आवश्यकता है। संघ की यह पहल निश्चित रूप से एक नवीन सोच और जमीनी कार्य का उदाहरण प्रस्तुत करती है।


