विज्ञान योद्धाओं ने गुरुकुल प्रभात आश्रम का भ्रमण किया

मेरठ: सत्यकाम इंटरनेशनल स्कूल के विज्ञान घर सीजन-4 के 20 विज्ञान योद्धाओं ने गुरुवार को छठे दिन गुरुकुल प्रभात आश्रम (टीकरी) का भ्रमण किया। विज्ञान योद्धाओं ने दिन की शुरुआत योग और यज्ञ के साथ की। नाश्ता करने के बाद, वे अपने विज्ञान गुरु दीपक शर्मा के साथ सत्यकाम स्कूल की बस से टीकरी स्थित गुरुकुल प्रभात आश्रम के लिए रवाना हुए।
सबसे पहले, बच्चों को भोले की झाल पर पवन से चलने वाली चक्की (पनचक्की) दिखाई गई, जिसका उपयोग आटा पीसने के लिए किया जाता है। इसके बाद, उन्हें बताया गया कि पानी से बिजली कैसे बनती है। जल विज्ञान, मौसम विज्ञान और महासागरीय विज्ञान के सिद्धांतों का उपयोग जल की तीव्रता को समझने के लिए किया जाता है। बच्चों ने गुरुकुल प्रभात आश्रम का भ्रमण किया, जो एक शिक्षण और आध्यात्मिक केंद्र है। यहां विद्यार्थियों को प्राचीन गुरुकुल पद्धति के अनुसार शिक्षा दी जाती है, जो शैक्षिक ज्ञान के साथ-साथ नैतिक और आध्यात्मिक विकास पर भी जोर देती है।


विज्ञान योद्धाओं ने आम के बाग में जाकर पेड़ों-पौधों का तापमान मापा। उन्होंने गौशाला और यज्ञशाला का भी भ्रमण किया। गौशाला में विभिन्न प्रजातियों की लगभग 40 गायें थीं। गुरुकुल में एक तीरंदाजी अकादमी है, जहां छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ तीरंदाजी का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। विज्ञान योद्धाओं ने तीरंदाज सत्यदेव के बारे में जानकारी प्राप्त की।
प्रधानाचार्या डॉ. रश्मि मिश्रा ने बच्चों से पूछा कि उन्होंने आश्रम में क्या नई चीजें सीखीं और गुरुकुल के अनुशासन और दिनचर्या ने उन पर क्या प्रभाव डाला। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया। निदेशक अनुज शर्मा ने कहा कि ऐसे भ्रमणों से प्राप्त अनुभव जीवन में सही दिशा में आगे बढ़ने में मदद करते हैं।
दिनचर्या के अंत में, विज्ञान योद्धाओं ने गुरु दीपक शर्मा के साथ चयन प्रक्रिया द्वारा अपने समूह में से किसी एक को आज का विज्ञान पुत्र घोषित किया।



