स्विमिंग पूल हत्याकांड का मुख्य आरोपी बिलाल पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
मेरठ : थाना लोहियानगर पुलिस ने गुरुवार को एक पुलिस मुठभेड़ में हत्या के मुख्य आरोपी बिलाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक स्कूटी बरामद की है।
4 जून, 2024 की रात को थाना लोहियानगर क्षेत्र के जुर्रानपुर गांव में स्वीमिंग पूल के पास अरशद पुत्र अमीर अहमद निवासी जैदी फार्म मेरठ की अभियुक्त बिलाल द्वारा अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में एक आरोपी दानिश को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
आज सुबह थाना लोहियानगर पुलिस को सूचना मिली कि घटना का मुख्य आरोपी बिलाल कहीं भागने की फिराक में है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने तत्परता से कार्यवाही करते हुए चिन्दौडी पुलिया के पास अभियुक्त बिलाल की घेराबंदी करने का प्रयास किया। इस पर बिलाल ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए बिलाल को पैर में गोली मार दी। घायल बिलाल को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
बिलाल पर लूट, हत्या, चोरी आदि अपराधों के 8 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ कर रही है और मामले की अग्रिम जांच जारी है।


