मेरठ मेडिकल कॉलेज में फायर सेफ्टी मॉकड्रिल, जागरूकता और सतर्कता का संदेश

मेरठ : लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज, मेरठ में अग्नि सुरक्षा को लेकर एक फायर सेफ्टी मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आग से बचाव और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूकता फैलाना था।
मॉकड्रिल का आयोजन पीडियाट्रिक विभाग, एनआईसीयू (NICU), पीआईसीयू (PICU), बर्न यूनिट, नई लाइब्रेरी और लेक्चर थियेटर में किया गया। इस दौरान अग्नि सुरक्षा विभाग के फायर सेफ्टी ऑफिसर रामकृपाल सिंह ने आग बुझाने और सुरक्षित बचाव के तरीकों का प्रदर्शन किया। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को RACE-PASS विधि के माध्यम से आग पर काबू पाने के तरीके सिखाए।
मेडिकल कॉलेज के अग्नि सुरक्षा नोडल अधिकारी, डॉ. संजीव कुमार ने मॉकड्रिल के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि इन अभ्यासों से न केवल सुरक्षा प्रोटोकॉल को समझने में मदद मिलती है, बल्कि कर्मचारियों और छात्रों को किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार किया जा सकता है।

इस कार्यक्रम में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धीरज बालियान, सह-नोडल अधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार चौधरी, अग्नि सुरक्षा विभाग के अरविंद राणा और सुशील कुमार का विशेष सहयोग रहा। मॉकड्रिल में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ, छात्र-छात्राएं और अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता ने फायर सेफ्टी मॉकड्रिल के सफल आयोजन पर टीम को बधाई देते हुए कहा, “इस प्रकार की मॉकड्रिल न केवल हमारे संस्थान की सुरक्षा सुनिश्चित करती है, बल्कि यह सभी के लिए जागरूकता का एक माध्यम भी है।”
इस मॉकड्रिल ने यह सुनिश्चित किया कि मेडिकल कॉलेज की टीम किसी भी आपात स्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।


