विज्ञान घर सीज़न-4 का भव्य उद्घाटन समारोह सत्यकाम इंटरनेशनल स्कूल में संपन्न

मेरठ: सत्यकाम इंटरनेशनल स्कूल, लोहियानगर मेरठ में विज्ञान घर सीज़न 4 का भव्य उद्घाटन समारोह 1 जून 2024 को आयोजित किया गया। इस अवसर पर माँ शाकुम्भरी यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ हृदय शंकर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर हुई। सत्यकाम इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ रश्मि मिश्रा एवं डायरेक्टर अनुज शर्मा ने विशिष्ठ अतिथियों का स्वागत प्राकृतिक पदार्थों से निर्मित बुके एवं स्मृति चिह्न देकर किया।
डॉ हृदय शंकर सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज निरंतर यह अहसास हो रहा है कि विज्ञान के छात्र घटते जा रहे हैं, जबकि देखा जाए तो हमारा विज्ञान अनादि काल से है। उन्होंने कहा कि हनुमान, द्रोण, सुश्रुत आदि सभी विज्ञान से जुड़े हुए थे। उन्होंने विज्ञान गुरू दीपक शर्मा को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे विज्ञान के क्षेत्र में ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करते रहें और उन्होंने तन-मन धन से उनके साथ रहने का आश्वासन दिया।

विज्ञान घर सीज़न 4 का थीम – इस बार के विज्ञान घर सीज़न 4 का थीम “प्राचीन गुरुकुल पद्धति को आधुनिक विज्ञान से जोड़ना” है। कार्यक्रम के होस्ट अनुज शर्मा ने बीस विज्ञान योद्धाओं का स्वागत करते हुए उन्हें साहसी बताया। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे बच्चे अपने अभिभावकों को छोड़कर दस दिन सत्यकाम स्कूल के प्रांगण में परिवार के सदस्य बनकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि दस दिन तक सभी को खुश रहकर काम करना होगा। इस विज्ञान घर में सभी को साधना, सेवा और सत्संग का समावेश मिलेगा।
अनुज शर्मा जी ने बताया कि साधना के अंतर्गत सभी को सुबह उठना, योग करना एवं यज्ञ करके विज्ञान सीखने को मिलेगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि सत्संग का अर्थ है कि अच्छे लोगों का संग। अत: यहाँ सभी को अच्छा साथ मिलेगा। इस प्रकार सभी इस विज्ञान घर में साधना, सेवा और सत्संग का मिश्रण कर शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास करेंगे।

कार्यक्रम में सत्यकाम इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ रश्मि मिश्रा को लीडर की उपाधि दी गई। प्रधानाचार्या ने विज्ञान गुरू दीपक शर्मा को धन्यवाद देते हुए कहा कि आज हम विज्ञान घर को इन्हीं के कारण जी पा रहे हैं। उन्होंने सभी योद्धाओं को प्रेरित किया और कहा कि हमें अपने पुराने वैज्ञानिकों को भूलना नहीं चाहिए बल्कि उनके पदचिन्हों पर चलते हुए युवा उनके द्वारा किए गए अनुसंधानों और खोजों को आगे बढ़ाए।
कार्यक्रम के अंत में विशिष्ठ अतिथियों, विज्ञान गुरू दीपक शर्मा , प्रधानाचार्या डॉ रश्मि मिश्रा एवं डायरेक्टर अनुज शर्मा ने सभी प्रांत से आए विज्ञान योद्धाओं को कैप एवं माला पहना कर विज्ञान घर में प्रवेश कराया। इसके उपरांत विज्ञान घर में निर्मित मेडिकल रूम में सभी प्रतिभागियो का बी०एम०आई० चेक किया गया। तत्पश्चात सभी प्रतिभागियो ने अपनी आगे की दिनचर्या का आरंभ किया। कार्यक्रम के अंत मे प्रधानाचार्या डॉ रश्मि मिश्रा ने विशिष्ठ अतिथियों का आभार प्रकट किया जिन्होंने अपने कीमती समय से कुछ समय निकालकर विज्ञान घर के कार्यक्रम को सफल बनाया।



