जयदेवी नगर में गैस सिलेंडर फटने से होमगार्ड की मौत, दस लोग झुलसे

मेरठ, 21 जनवरी 2024: जयदेवी नगर में रविवार तड़के एक होमगार्ड के घर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से गैस सिलेंडर ने आग पकड़ ली और फट गया। इसमें आग से झुलसने से होमगार्ड की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय होमगार्ड घर पर अकेले थे। सभी स्वजन रिश्तेदारी में गए हुए थे। आग लगने के बाद होमगार्ड ने खुद ही आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग की लपटें बढ़ने से वह बाहर नहीं निकल पाए और आग से झुलस गए।


सिलेंडर फटने के बाद निकली गैस में आग लगने से आग बुझाने का प्रयास कर रहे प्रत्यशदर्शी तीन महिलाओं समेत दस लोग झुलस गए। सभी को मेडिकल कालेज व निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने होमगार्ड का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आग लगने व सिलेंडर फटने से काफी देर तक क्षेत्र अफरा-तफरी की स्थिति रही। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि आसपास के घरों के भी दरवाजे और खिड़कियां टूट गईं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


