गाजियाबाद को पूरे प्रदेश में दिव्यांग जन को पुनर्वास सेवाएं प्रदान करने वाले सर्वश्रेष्ठ जिले का सम्मान
गाजियाबाद : जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के प्रयासों का नतीजा, दिव्यांगों के पुनर्वास में जिले को प्रदेश में मिला पहला स्थान सरकारी स्तर पर विभिन्न योजनाएं आम जनों के लाभ पहुंचाने के लिए लाई जाती हैं, लेकिन कई बार उन्हें योजनाओं का लाभ आमजन तक नहीं पहुंच पाता है। योजनाएं ठंडे बस्ते में चली जाती हैं।
गाजियाबाद के जिलाधिकारी आर के सिंह की कार्यशैली इस मामले में अलग है। योजनाओं का लाभ पात्र को मिल रहा है या नहीं इसकी मॉनिटरिंग निरंतर डी एम आर के सिंह द्वारा की जाती है। उनके इसी प्रयास का नतीजा है कि जिले में दिव्यांगों के लिए शासन स्तर से चलाई गई योजनाओं का लाभ न सिर्फ उन तक पहुंच रहा है बल्कि योजनाओं के तहत दिव्यांगों का पुनर्वास भी बेहतर तरीके से हो रहा है।
जिलाधिकारी के इन्हीं प्रयास के चलते गाजियाबाद को पूरे प्रदेश में दिव्यांग जन को पुनर्वास सेवाएं प्रदान करने वाले सर्वश्रेष्ठ जिले का सम्मान मिला है। शासन स्तर पर गठित समिति द्वारा जिले को राज्य स्तरीय पुरस्कार 2022 के लिए जनपद को इस श्रेणी में चुना गया है। यह पुरस्कार 3 दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर लखनऊ के डॉक्टर शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया जाएगा।