सिद्धार्थ विहार में मनाया जायेगा उत्तरायणी सांस्कृतिक महोत्सव
गाज़ियाबाद: सिद्धार्थ विहार की प्रतीक ग्रैंड सोसाइटी में दिनांक 14.1.2023 को सोसाइटी के उत्तराखंड निवासी धूमधाम से सोसाइटी में पहला उत्तरायणी सांस्कृतिक कार्यक्रम मनाएंगे। इसके लिए जोर शोर से तैयारी चल रही है तथा प्रशासन से भी धारा 144 के चलते अनुमति प्राप्त कर ली गई है।
उत्तरायणी महोत्सव की शुरुआत दिनांक 14.1.2023 को प्रातः 11 बजे से होगी और रात्रि 8 बजे कार्यक्रम का समापन होगा।
कार्यक्रम में सुबह पहले प्रभात फेरी, खिचड़ी प्रसाद वितरण के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम में झोड़ा नृत्य, बीन बाजे के साथ छोलिया नृत्य, दीप प्रज्ज्वलन और देव आवहान शामिल हैं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शाम को उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध गायक कलाकारों द्वारा गीत संगीत की प्रस्तुति रहेगी जिसका लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रम की छटा सत्येंद्र परिंदयाल, शशि ढोंडियाल, हेमा रावत, भारती ढोंडियाल, बिशन सिंह हरियाला, आस्था नौटियाल संगीत निर्देशक गोपाल नेगी के साथ बिखेरेंगे। इस कार्यक्रम के लिए सभी लोग उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे हैँ।
देवभूमि उत्तराखंड समिति ने नगर व आसपास के क्षेत्रवासियों से इस महोत्सव में पहुंचकर पहाड़ की संस्कृति के संरक्षण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। जिससे उत्तराखंड की संस्कृति का संरक्षण व संवर्द्धन हो सके। साथ ही युवा पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति से रूबरू होने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।