इंदिरापुरम में बाइक और पिकअप की जोरदार टक्कर, बाइक सवार की मौके पर मौत

गाजियाबाद : आज सुबह थाना इंदिरापुरम क्षेत्र के कनावनी मधुबन मैरिज हाउस के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक अपाचे बाइक और बोलोरो पिकअप की जोरदार टक्कर में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना सुबह 11 बजे के करीब हुई। बाइक सवार कनावनी की तरफ से आ रहा था, जबकि बोलोरो पिकअप गलत साइड और ओवरलोडेड हालत में मधुबन मैरिज हाउस की तरफ जा रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।

टक्कर के बाद बोलोरो पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक खंभे से जा टकराई। पिकअप में सवार लोग घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर सावधानी से वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।



