गाजियाबाद में भागवत प्रेमियों की अनूठी पहल: जरूरतमंदों को कंबल बांटकर ठंड से राहत दी

गाजियाबाद : राजनगर एक्सटेंशन स्थित गौड़ कास्केड्स सोसायटी में लगातार चौथे वर्ष आयोजित श्रीमद् भागवत पुराण कथा ने इस बार एक विशेष मिसाल पेश की। वृंदावन से पधारे श्री यशोदा नंदन महाराज ने कथा के पहले दिन ही व्यास गद्दी से भक्तों से जरूरतमंदों के लिए कंबल व रजाई वितरित करने का आह्वान किया। इस पुनीत पहल का असर ऐसा हुआ कि सोसायटी के भागवत प्रेमियों ने अपने सामर्थ्य अनुसार कंबल खरीदकर कथा स्थल पर जमा करना शुरू कर दिया।
250 कंबल वितरित किए गए
कथा के अंतिम दिन रात करीब 11 बजे, कथा पूर्ण होते ही, यशोदा नंदन महाराज के नेतृत्व में सभी भक्त अपनी गाड़ियों से गाजियाबाद जंक्शन रेलवे स्टेशन की ओर रवाना हुए। ठंड में ठिठुरते जरूरतमंदों को ढूंढकर, उन्होंने करीब 250 कंबल वितरित किए। कंबलों के साथ ही गरम चाय का भी प्रबंध किया गया, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिल सके।
भावपूर्ण सेवा का अनूठा दृश्य
कंबल बांटने के दौरान भक्तों ने जरूरतमंदों को प्यार और सम्मान से कंबल ओढ़ाया और चाय पिलाकर उनकी सेवा की। इस नेक कार्य में यशोदा नंदन महाराज के साथ अनुज शर्मा, संजीव मलिक, रवि गर्ग, अंजू शर्मा, निधि शर्मा, वंदना अनिरुद्ध, मनीषा, अनुज राठी, निलय, पूनम, शिखा, बीना त्रिपाठी सहित कई भक्त उपस्थित रहे।
श्रीमद् भागवत कथा के माध्यम से प्रेरणा
गौड़ कास्केड्स सोसायटी और श्री लड्डू गोपाल सेवा ट्रस्ट के द्वारा यह पहल इस बात का प्रमाण है कि धर्म और भक्ति केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद करना भी इसका अहम हिस्सा है।
यह पहल समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है और दिखाती है कि जब भक्ति सेवा का रूप लेती है, तो मानवता को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जा सकता है। 🚩


