खरखौदा थाना क्षेत्र में सोमवार की तङके सङके हादसे में एक युवक की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के समय सभी एक विवाह समारोह से लौट रहे थे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
किठौर थाना क्षेत्र के ईसापुर का रहने वाला राजा पुत्र राजपाल रविवार को गांव के रहने वाले अपने साथी सुमित , अनुज , सनी और शेरगढ़ी निवासी मोहित के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। बताया गया कि सोमवार को तड़के करीब तीन बजे सेंट्रो कार सवार पांचों युवक मेरठ वापस लौट रहे थे। इसी दौरान खरखौदा थाना क्षेत्र में हापुड़ रोड पर तेज रफ्तार सैंट्रो कार सीएनजी पंप के निकट आगे चल रहे एक ट्रक में जा घुसी। जिसके चलते कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे सीएनजी पंप के कर्मचारियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे पांचों युवकों को बाहर निकाला। पुलिस ने सभी को स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया। अन्य चारों युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ितों के परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित परिजनों ने थाने में घटना की तहरीर दी है।