शिवांगी संगीत महाविद्यालय में 10 दिवसीय शास्त्रीय संगीत कार्यशाला का “समापन समारोह” एवं “पुरस्कार वितरण”

मेरठ: शिवांगी संगीत महाविद्यालय की रुड़की रोड स्थित शाखा में शनिवार, 8 जून 2024 को 10 दिवसीय शास्त्रीय संगीत कार्यशाला का “समापन समारोह” एवं “पुरस्कार वितरण” का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के उदीयमान कलाकारों ने शास्त्रीय गायन एवं कथक नृत्य की मनमोहक एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में वर्ष 2023-2024 की मासिक बैठक एवं संगीत कार्यशाला में गायन, वादन एवं नृत्य में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने वाले छात्रों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिवांगी संस्थान के प्रधानाचार्य राजा बलूनी , विशिष्ट अतिथि मुकेश मोहन शर्मा एवं नरेंद्र सिंह ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण कर किया। इसके बाद कार्यशाला में भाग लेने वाले छात्रों ने शास्त्रीय संगीत की विभिन्न विधाओं जैसे ख्याल, ठुमरी, दादरा, भजन आदि की प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने शास्त्रीय संगीत के प्रति उपस्थित दर्शकों की रुचि को और अधिक बढ़ा दिया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी छात्रों को पुरस्कार वितरित किए गए। पुरस्कार वितरण समारोह के बाद विशिष्ट अतिथियों ने कार्यशाला में भाग लेने वाले छात्रों और शिक्षकों को प्रोत्साहित करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
यह 10 दिवसीय कार्यशाला शास्त्रीय संगीत के प्रति युवाओं की रुचि को बढ़ाने में सफल रही। कार्यक्रम में उपस्थित सभी दर्शकों ने इसकी सराहना की।



