लाइसेंस के लिए रची साजिश, मालिक ने खुद के नौकरों पर चलवाई गोली

गाजियाबाद: गाजियाबाद में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें चिप्स और कुरकुरे का व्यापार करने वाले आरिफ ने अपनी सुरक्षा के लिए असलाह लाइसेंस पाने की खातिर खुद अपने ही नौकरों पर गोली चलवाने की साजिश रची।
कल रात विजय नगर पुलिस को सूचना मिली कि निर्देश और गुलफाम नाम के दो व्यक्ति घायल अवस्था में हैं। पुलिस ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की जांच के लिए दो टीमें गठित की।
पुलिस का खुलासा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि यह पूरा मामला आरिफ द्वारा रचा गया था। आरिफ ने यूट्यूब पर वीडियो देखकर यह साजिश रची, जिसमें उसने सुरक्षा का हवाला देकर असलाह लाइसेंस प्राप्त करने की योजना बनाई।
आरिफ ने ₹3000 में अवैध तमंचा खरीदा और अपने नौकर निर्देश और गुलफाम को इस योजना में शामिल कर उनके हाथ और पैर पर गोली चलवाई। इससे ऐसा दिखाने की कोशिश की गई कि आरिफ की जान को खतरा है और उसे हथियार का लाइसेंस मिल सके।
पहले भी दी थी झूठी सूचनाएं
डीसीपी के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब आरिफ ने खुद पर हमले की फर्जी सूचना दी हो। इससे पहले भी उसने ऐसी सूचनाएं दी थीं, लेकिन किसी भी मामले में अभियोग पंजीकृत नहीं हो पाया था।
गिरफ्तारियां और बरामदगी
पुलिस ने इस साजिश में शामिल चार अभियुक्तों आरिफ, दिनेश, निर्देश और गुलफाम को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, निर्देश और गुलफाम अभी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी और अवैध तमंचा भी बरामद कर लिया है।
आरोपियों पर सख्त कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों का प्रयोग और लाइसेंस के लिए इस तरह की साजिश रचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


